--:--

भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्या में पुलिस को मिली सफलता,  हत्या की साज़िश रचने वाला हिरासत में।

0
IMG-20251224-WA0000.jpg

रुपेश महंत जिला ब्यूरो कोरबा भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्या में पुलिस को मिली सफलता,  हत्या की साज़िश रचने वाला हिरासत में।

कोरबा-कटघोरा जनपद सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षय गर्ग की धारदार हथियारों से की गई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और एसपी सिद्धार्थ तिवारी की सख्त निगरानी में चल रही जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे राजनीतिक रंजिश की मजबूत कड़ियां सामने आई हैं।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं कटघोरा के जटगा पुलिस सहायता केंद्र में डेरा डालकर जांच की कमान संभाली। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने भी घटनास्थल का मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विशेष जांच टीम को ऐसे पुख्ता सुराग मिले हैं, जिनसे हत्या की साजिश का पूरा खाका लगभग स्पष्ट हो चुका है।

सूत्रों की मानें तो इस हत्याकांड में कुल पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अक्षय गर्ग पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। इसके साथ ही, हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य साजिशकर्ता को भी हिरासत में ले लिया गया है। वारदात के समय वाहन में मौजूद तीन अन्य आरोपी, जिन्होंने चाकू से वार किया था, फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है, जिसे मुख्य साजिशकर्ता द्वारा हाल ही में एक ग्रामीण से खरीदे जाने की जानकारी मिली है। हालांकि पुलिस के आधिकारिक खुलासे से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद जिले में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed