बांकीमोंगरा के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में वार्षिकोत्सव की धूम, बच्चों ने दिया सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
बांकीमोंगरा के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में वार्षिकोत्सव की धूम, बच्चों ने दिया सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

छत्तीसगढ़/कोरबा शुक्रवार को बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अन्तर्गत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी-हिंदी माध्यम विद्यालय, बांकीमोंगरा में वार्षिक उत्सव ‘उमंग’ अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा सहित अन्य के द्वारा माँ सरस्वती, भारत माता व छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत और राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ से अतिथियों का अभिनंदन किया।

वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य: पंथी, करमा और सुआ नृत्य के जरिए प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई।
इसके अलावा वीर जवानों को समर्पित नाटकों और नृत्यों ने दर्शकों में जोश भर दिया। नशामुक्ति और शिक्षा के महत्व पर आधारित लघु नाटिकाओं के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा और खेल के क्षेत्र में स्कूल की उपलब्धियों को साझा किया। कार्यक्रम में शामिल पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वामी आत्मानंद स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र बन रहे हैं।”
समारोह के अंत में शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं और अनुशासन में अव्वल रहने वाले बच्चों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। स्कूल परिसर देर शाम तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। शिक्षकों और स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

इस समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा, पार्षद प्रमिला सायतोड़े, अश्वनी मिश्रा, दिलीप दास, लोकनाथ सिंह,शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अजीत कैवर्त, विधायक प्रतिनिधि जनक राम यादव, सांसद प्रतिनिधि मोहन लदेर , प्राचार्य एस.डिडोरे , अनिता राजपूत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावकगण , शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं व आसपास के नगरवासी शामिल रहे।

