बांकीमोंगरा के मोंगरा बस्ती में चोरों का आतंक, नगर पालिका की ‘स्ट्रीप लाइटों’ पर किया हाथ साफ।
बांकीमोंगरा के मोंगरा बस्ती में चोरों का आतंक, नगर पालिका की ‘स्ट्रीप लाइटों’ पर किया हाथ साफ।
छत्तीसगढ़/कोरबा कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में छोटी चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे आम घरों के साथ-साथ सरकारी संपत्तियों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला नगर पालिका द्वारा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए लगाई गई रंग-बिरंगी स्ट्रीप लाइटों की चोरी का है।
नगर पालिका परिषद द्वारा लाखों रुपए खर्च कर कार्यालय से लेकर ढेलवाडिह/बांकी मार्ग तक शहर के आकर्षण को बढ़ाने के लिए झालर जैसी स्ट्रीप लाइटें लगाई गई थीं। चोरों ने इन लाइटों को भी नहीं बख्शा और बड़ी आसानी से पार कर दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण चोर सक्रिय हैं और बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इस गंभीर विषय पर जब स्थानीय पत्रकारों ने नगर पालिका की मुख्य पालिका अधिकारी (CMO) ज्योत्सना टोप्पो को ध्यान आकर्षित कराया, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि “नगर पालिका की संपत्ति की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले की आधिकारिक शिकायत बांकीमोंगरा थाने में दर्ज कराई जाएगी ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल:
एक ओर जहां चोर शहर की सड़कों से उजाला छीनकर अंधेरा करने की फिराक में हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि पेट्रोलिंग पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है कि यदि समय रहते इन छोटी चोरियों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में चोर किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
