--:--

बाकीमोंगरा: SECL की जमीन पर अवैध कब्जा धारियों का आतंक, अधिकारियों को धमकाकर खदेड़ा।

0
IMG-20260213-WA0008.jpg

बाकीमोंगरा: SECL की जमीन पर अवैध कब्जा धारियों का आतंक, अधिकारियों को धमकाकर खदेड़ा।

छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद बाकीमोंगरा के मुख्य इलाके में स्थित SECL की बेशकीमती जमीन पर कब्जे का खेल एक बार फिर शुरू हो गया है। SECL अस्पताल के ठीक सामने खाली पड़ी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा पक्का निर्माण करने की कोशिश ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। हैरानी की बात यह है कि जब विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची, तो उन्हें धमकाकर वापस भेज दिया गया।

टेंट से शुरू होता है ‘कब्जा का खेल’
आपको बता दें कि यहां अतिक्रमण करने का एक सेट पैटर्न है। पहले जमीन पर टेंट लगाकर अस्थायी कब्जा दिखाया जाता है, फिर रातों-रात उसे पक्के निर्माण में बदल दिया जाता है। चर्चा है कि इस क्षेत्र में बाकायदा ‘ठेका’ लेकर अतिक्रमण कराने वाला एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है।

अधिकारियों को मिली धमकी, बैरंग लौटी जेसीबी।
मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में SECL प्रबंधन की टीम जेसीबी लेकर निर्माण रोकने पहुंची थी। लेकिन मौके पर मौजूद कब्जाधारियों ने कथित तौर पर अधिकारियों के साथ बदसलूकी की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए विभाग की टीम को बिना किसी कार्रवाई के पीछे हटना पड़ा, जिससे प्रबंधन की साख पर भी सवाल उठ रहे हैं।

क्या ‘हिस्सेदारी’ के खेल में दबी है कार्रवाई
क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि इस अवैध कब्जे के पीछे कुछ प्रभावशाली सफेदपोशों का हाथ है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि विरोध को दबाने के लिए मुनाफे का एक बड़ा हिस्सा संबंधित लोगों तक पहुंचाया जाता है। यही कारण है कि बार-बार विवाद होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इससे पहले भी इसी जमीन के एक हिस्से पर अतिक्रमण हो चुका है। पिछली बार की ढिलाई ने ही भू-माफियाओं के हौसले बुलंद किए हैं:- स्थानीय निवासी

बताया जा रहा है कि SECL प्रबंधन अब इस मामले में कानूनी रुख अपनाने की तैयारी में है। एसईसीएल के अधिकारियों को धमकाने वालों के खिलाफ थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराने कि तैयार जारी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस कब्जा धारियों पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed