कोरबा: कुसमुंडा में जर्जर सड़क को लेकर पार्षद नवीन कुकरेजा का ‘सत्याग्रह’ शुरू, मिल रहा है आपार समर्थन।
रुपेश महंत जिला ब्यूरो कोरबा कोरबा: कुसमुंडा में जर्जर सड़क को लेकर पार्षद नवीन कुकरेजा का ‘सत्याग्रह’ शुरू, मिल रहा है आपार समर्थन।
छत्तीसगढ़ /कोरबा कुसमुंडा क्षेत्र की बदहाल और जर्जर सड़कों से त्रस्त जनता अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। वर्षों से धूल और गड्ढों की मार झेल रहे नागरिकों की समस्याओं को लेकर वार्ड पार्षद नवीन कुकरेजा ने एसईसीएल व प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन उपवास (सत्याग्रह) प्रारंभ कर दिया है।
वहीं आंदोलन की शुरुआत होते ही पार्षद कुकरेजा के समर्थन में सैकड़ों की संख्या में , जनप्रतिनिधि , स्थानीय लोग, व्यापारी और महिलाएं धरना स्थल पर पहुंच गईं। लोगों का कहना है कि एसईसीएल प्रबंधन व प्रशासन ने बार-बार आश्वासन दिया, लेकिन सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
कुसमुंडा की मुख्य मार्ग वर्तमान में चलने लायक नहीं रह गई है। बड़े-बड़े गड्ढों और उड़ती धूल के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को सांस संबंधी बीमारियां घेर रही हैं।
सत्याग्रहियों की स्पष्ट मांग है कि जब तक सड़क निर्माण का ठोस कार्य शुरू नहीं होता और लिखित में समय सीमा तय नहीं की जाती, यह उपवास जारी रहेगा।
“हम लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखते आए हैं, लेकिन एसईसीएल प्रबंधन व जिला प्रशासन की कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। यह आंदोलन अब केवल मेरा नहीं, बल्कि कुसमुंडा की जनता का है। जब तक सड़क ठीक नहीं होगी, मेरा अन्न त्याग जारी रहेगा।”
भारी संख्या में भीड़ को देखते हुए प्रशासन की टीम भी सतर्क है। स्थानीय लोगों में प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है।
