बांकीमोंगरा में भीषण आगजनी के बाद पार्षद अश्वनी मिश्रा ने की स्थाई फायर ब्रिगेड की मांग।
बांकीमोंगरा में भीषण आगजनी के बाद पार्षद अश्वनी मिश्रा ने की स्थाई फायर ब्रिगेड की मांग।

छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और हाल ही में हुई आगजनी की घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र में स्थाई फायर ब्रिगेड (दमकल) की कमी का मुद्दा गरमा गया है। वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर बांकीमोंगरा में जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्षद मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बांकीमोंगरा एक बड़ी नगर पालिका है और यह क्षेत्र काफी घनी आबादी वाला है। वर्तमान में 12 अप्रैल 2026 को बांकीमोंगरा में एक भीषण आग लग गई थी। स्थिति इतनी गंभीर थी कि इसे नियंत्रित करने के लिए जिले की लगभग सभी दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों और संसाधनों की कमी की पोल खोल कर रख दी है।
अनहोनी का डर और सुरक्षा की मांग
पार्षद ने चेतावनी दी है कि आपातकालीन स्थिति में खुद की फायर ब्रिगेड गाड़ी न होने के कारण क्षेत्र में कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। जन सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने निवेदन किया है कि बांकीमोंगरा नगर पालिका में स्थाई रूप से एक फायर ब्रिगेड गाड़ी जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए।
भविष्य में होने वाली किसी भी बड़ी दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
इस मांग की गंभीरता को देखते हुए पार्षद अश्वनी मिश्रा ने पत्र की प्रतिलिपि शासन के महत्वपूर्ण पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी भेजी है, जिनमें शामिल हैं अरुण साव, उपमुख्यमंत्री (छ.ग. शासन ) , लखन लाल देवांगन , कैबिनेट मंत्री (छ.ग. शासन), प्रेमचंद पटेल, विधायक (कटघोरा ) जिलाधीश जिला कोरबा , एस.डी.एम. कटघोरा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा।
स्थानीय निवासियों का भी कहना है कि यदि समय रहते बांकीमोंगरा को अपनी दमकल सेवा मिल जाती है, तो आगजनी जैसी घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मांग पर कितनी जल्दी अमल करता है।
