गणेश विसर्जन में बांकीमोंगरा पुलिस की सख्ती: तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई, पिकअप वाहन जब्त।
बांकीमोंगरा/कोरबा। गणेश विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण और नियमों के उल्लंघन को लेकर बांकीमोंगरा पुलिस ने सख्ती बरतते हुए तेज एवं बेसुरी आवाज में डीजे बजाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से डीजे साउंड सिस्टम सहित पिकअप वाहन को जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं सीएसपी विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बांकीमोंगरा निरीक्षक सत्यम साहू के नेतृत्व में 20 सितंबर 2026 को कार्रवाई की गई।
बताया गया कि कोराई गांव मुख्य मार्ग में एक सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 DW 3976 में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाकर काफी तेज एवं बेसुरी आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। वाहन में जेबीएल 200 वाट के 4 नग बॉक्स तथा गोदरीवाला 1000 वाट के 2 नग बॉक्स, कुल 6 नग डीजे बॉक्स लगे हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, तेज आवाज के कारण आसपास रहने वाले राहगीरों को परेशानी हो रही थी। साथ ही वर्तमान में चल रही स्कूली परीक्षाओं, हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल एवं अन्य परीक्षाओं के परीक्षार्थी छात्र-छात्राओं को भी अनावश्यक बाधा उत्पन्न हो रही थी।
पुलिस ने बताया कि डीजे संचालक द्वारा कोलाहल अधिनियम की धारा 5, 15 का उल्लंघन किया जाना पाए जाने पर उसके कब्जे से डीजे साउंड सिस्टम तथा पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया। मामले में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बांकीमोंगरा पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि गणेश विसर्जन सहित सार्वजनिक आयोजनों के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और ध्वनि संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस कार्रवाई जारी रखेगी।
