ग्राम पंचायत पहंदा के वार्ड क्रमांक 11 में नालियां गंदगी से पटीं, बदबू और मच्छरों से ग्रामीण परेशान।
कमलेश कुर्रे विधानसभा रिपोर्टर रामपुर!
रामपुर /पहंदा :ग्राम पंचायत पहंदा के वार्ड क्रमांक 11 में सड़क के दोनों ओर बनाई गई नालियां लंबे समय से साफ-सफाई के अभाव में गंदगी से पट गई हैं। नालियों में जमा गंदा पानी और कचरे के कारण आसपास रहने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नालियों की सफाई को लेकर पंचायत स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वार्ड क्रमांक 11 में सड़क के दोनों ओर नालियां बनी हुई हैं। बारिश के दौरान सड़क का पानी भी इन्हीं नालियों में पहुंचता है, वहीं घरों से निकलने वाला इस्तेमाल किया हुआ पानी, जैसे नहाने, कपड़े धोने और बर्तन साफ करने का पानी भी नालियों में बहकर आता है। लगातार गंदे पानी के प्रवाह और लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण नालियों में गंदगी का जमाव बढ़ता जा रहा है।
नालियों में कई स्थानों पर पानी रुकने के कारण मच्छरों के लार्वा, कीड़े-मकौड़े और अन्य हानिकारक जीवों के पनपने की आशंका बनी हुई है। वहीं गंदे और रुके हुए पानी से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के रहवासियों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा मच्छरों की संख्या बढ़ने से बीमारियों का खतरा बना रहता है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान?
ग्रामीणों के अनुसार नाली की सफाई और जल निकासी की समस्या को लेकर पंचायत के सरपंच एवं पंचों को कई बार अवगत कराया गया है। इसके बावजूद अब तक नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने पंचायत से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 11 की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, जमा गंदगी एवं कचरे को हटाया जाए तथा नालियों में पानी की निकासी सुचारू करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि साफ-सफाई केवल अभियान या कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नियमित रूप से नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना होगा कि ग्राम पंचायत पहंदा द्वारा वार्ड क्रमांक 11 की इस समस्या को लेकर कब तक कार्रवाई की जाती है और ग्रामीणों को गंदगी, दुर्गंध एवं मच्छरों से राहत मिल पाती है।
