--:--

बांकीमोंगरा सब स्टेशन में बदला गया 5 MVA का ट्रांसफार्मर, बिजली व्यवस्था में होगा सुधार।

0
IMG-20260923-WA0001.jpg

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के प्रयास से बिजली समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल, विकास झा ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का जताया आभार।

कोरबा/बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। बांकीमोंगरा सब स्टेशन में लंबे समय से विद्युत लोड को लेकर आ रही परेशानी को देखते हुए पुराने 3 MVA क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को हटाकर 5 MVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने और बार-बार होने वाली बिजली की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा सब स्टेशन में पूर्व से 3 MVA क्षमता का ट्रांसफार्मर संचालित था। क्षेत्र में बढ़ते विद्युत लोड के कारण ट्रांसफार्मर पर अधिक दबाव पड़ रहा था, जिसके चलते आए दिन बिजली गुल होने सहित अन्य तकनीकी समस्याओं का सामना नगरवासियों को करना पड़ रहा था।
क्षेत्र की इस समस्या को नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा द्वारा गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा गया था। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा क्षमता बढ़ाने के लिए विभागीय अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया था। इसके बाद विद्युत विभाग द्वारा बांकीमोंगरा सब स्टेशन में 3 MVA के स्थान पर 5 MVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई की गई।

ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान मौजूद रहे विकास झा?
नए ट्रांसफार्मर को स्थापित करने के दौरान क्षेत्र में लगभग सुबह 11 बजे से देर शाम- रात तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। हालांकि, विद्युत विभाग द्वारा पूर्व में ही उपभोक्ताओं को बिजली बंद रहने की सूचना दी गई थी, जिससे लोगों को आवश्यक तैयारी करने का अवसर मिल सके।
ट्रांसफार्मर बदलने और तकनीकी कार्य के दौरान भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास झा भी बांकीमोंगरा सब स्टेशन में मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया और लंबे समय तक मेहनत कर कार्य को पूरा करने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
विकास झा ने कहा कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 3 MVA की जगह 5 MVA का ट्रांसफार्मर लगाया जाना महत्वपूर्ण कदम है। इससे बांकीमोंगरा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने इस कार्य के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

बिजली समस्या के समाधान की दिशा में लगातार प्रयास।
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार विभागीय अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखी जा रही हैं। इसी क्रम में सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई थी।
3 MVA से बढ़ाकर 5 MVA क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद अब क्षेत्र में विद्युत लोड की समस्या कम होने तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर इसे बांकीमोंगरा की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed