मासूम भव्या जोशी को श्रद्धांजलि देने सड़क पर उतरे बांकीमोंगरा के कांग्रेसजन, आरोपी को फांसी देने की मांग।
सोमवारी बाजार से मुख्य चौक तक निकाला कैंडल मार्च, दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मासूम को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बांकीमोंगरा। कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र की मासूम भव्या जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके लिए न्याय की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग उठाते हुए मासूम को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवारी बाजार से मुख्य चौक तक हाथों में कैंडल लेकर मार्च किया। इसके बाद दो मिनट का मौन धारण कर मासूम भव्या जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान माहौल गमगीन रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
मासूम को न्याय दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी: संजय आजाद!
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद ने कहा कि मासूम भव्या जोशी को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। मासूम को न्याय मिले और दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा मिले, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशीलता के साथ अपनी आवाज उठानी चाहिए।
वहीं, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में अपराध बढ़ने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने बांकीमोंगरा क्षेत्र में भी सामने आ रही घटनाओं पर रोष जताते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने मासूम भव्या जोशी के मामले में न्याय सुनिश्चित करने और दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उठाई न्याय की आवाज!
कैंडल मार्च के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मासूम भव्या जोशी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और न्याय की मांग को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के कांग्रेस पार्षद राकेश अग्रवाल, राजकुमार मिश्रा, नवीन कुकरेजा, ओमप्रकाश केंवट, पूर्व एल्डरमैन परमानंद सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवल किशोर पंडित, धनंजय, लालू साह, श्रीमती पूजा महंत सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा ने मासूम भव्या जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय की मांग उठाई और दोषी को कठोरतम सजा फांसी दिए जाने की मांग दोहराई।

