बांकीमोंगरा नगर पालिका कार्यालय के पीछे बांसबाड़ी में कथित मुर्गा-दारू पार्टी की चर्चा तेज, आखिर किसके सौजन्य से सजी महफिल।
नए सीएमओ के स्वागत की खुशी या पुराने सीएमओ की विदाई का जश्न? नए सीएमओ और इंजीनियर की मौजूदगी को लेकर उठ रहे सवाल, जिम्मेदारों की चुप्पी पर भी चर्चा।
बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय के ठीक पीछे स्थित बांसबाड़ी में कथित मुर्गा-दारू पार्टी को लेकर इन दिनों नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सरकारी कार्यालय के नजदीक कथित तौर पर सजी इस महफिल को लेकर अब कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि आखिर इस आयोजन का मकसद क्या था और इसके पीछे सौजन्यकर्ता कौन था?
नगर में चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस कथित आयोजन में नगर पालिका के नए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), इंजीनियर और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी की बात सामने आ रही है। वहीं इंजीनियर शिवा देव बर्मन (ENG) का नाम भी इस पूरे मामले को लेकर चर्चाओं में है। हालांकि, आयोजन में किन-किन लोगों की वास्तविक मौजूदगी रही और किसने इसकी व्यवस्था की, इसकी स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
स्वागत की महफिल या विदाई का जश्न?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बांसबाड़ी में कथित मुर्गा-दारू पार्टी किस खुशी में आयोजित की गई थी? क्या नए सीएमओ के आगमन पर स्वागत-अभिनंदन के नाम पर यह आयोजन हुआ था? या फिर पुराने सीएमओ की विदाई को यादगार बनाने के लिए महफिल सजाई गई थी? यदि ऐसा था तो आयोजन का खर्च किसने उठाया और इसकी व्यवस्था किसके द्वारा की गई?
सरकारी कार्यालय के पीछे आयोजन, उठ रहे कई सवाल?
नगर पालिका कार्यालय के ठीक पीछे इस तरह के कथित आयोजन की चर्चा सामने आने के बाद नगरवासियों के बीच भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोगों के मन में यह सवाल है कि क्या यह निजी आयोजन था या फिर किसी आधिकारिक कार्यक्रम से जुड़ा हुआ था? यदि इसमें सरकारी कर्मचारियों की सहभागिता रही, तो आयोजन की प्रकृति और उद्देश्य स्पष्ट होना चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तो तेज हैं, लेकिन आयोजन आयोजक, खर्च और वास्तविक उद्देश्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बेहद जरूरी है।
अब जवाब का इंतजार…?
नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस कथित आयोजन पर क्या सफाई देते हैं? क्या नए सीएमओ और संबंधित इंजीनियर इस मामले में अपना पक्ष रखेंगे? आखिर बांसबाड़ी में सजी कथित महफिल का सौजन्यकर्ता कौन था?
नगरवासियों को इन सवालों के जवाब का इंतजार है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इन चर्चाओं पर विराम लगाते हैं या फिर यह मामला यूं ही सवालों के घेरे में बना रहेगा, क्या स्थानीय जनप्रतिनिधि इस मुद्दों को उठायेंगे, अब देखना होगा।
