स्कूलों के आसपास तंबाकू बेचने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दुकानदारों पर चला चालान का डंडा!
गौतम कुमार की रिपोर्ट ( उरगा ) रिपोर्टर
कोरबा में कोटपा एक्ट के तहत चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, तंबाकू बिक्री पर पुलिस की पैनी नजर!
छत्तीसगढ़/कोरबा बच्चों और युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए कोरबा पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदार अब पुलिस की निगरानी में हैं। तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने जिले के चार थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 15 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नजर रखी जा रही है। खासतौर पर स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों को कार्रवाई के दायरे में लिया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, थाना दर्री क्षेत्र में 4, कुसमुंडा में 4, बांकीमोंगरा में 4 और चौकी सर्वमंगला क्षेत्र में 3 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 15 दुकानदारों के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत चालान काटे गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तंबाकू नियंत्रण अभियान आगे भी जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने और प्रतिबंधित दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
