--:--

घुड़देवा में फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, रोमांचक मुकाबले में ज्योति क्लब बाकी ने मारी बाजी।

0
IMG-20261114-WA0064

पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर विजेता एवं उपविजेता टीम को दी बधाई।

कोरबा/बांकीमोंगरा: जिले के नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 स्थित घुड़देवा में फुटबॉल संघ के सचिव पवन गुप्ता एवं साईं क्लब घुड़देवा के नेतृत्व में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार, 13 नवंबर को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में वार्ड पार्षद श्रीमती रुबी पवन गुप्ता, श्रीमती प्रमिला सायतोड़े, छत्तीसगढ़ के नेशनल फुटबॉल खिलाड़ी रुस्तम खान, पूर्व एल्डरमैन परमानंद सिंह, शिव चौहान एवं लता चौहान उपस्थित रहे।

10 नवंबर से प्रारंभ हुई इस फुटबॉल प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 13 नवंबर को ज्योति क्लब बाकी एवं कोरबा की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में ज्योति क्लब बाकी ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। समापन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीम को नगद पुरस्कार, शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खेल युवाओं को अनुशासन और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है – सोनी विकास झा।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होना बेहद सराहनीय है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने और भविष्य में जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विजेता टीम के साथ उपविजेता टीम को भी शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति एवं उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से घुड़देवा सहित आसपास के क्षेत्रों में खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed