--:--

चेकिंग के दौरान बांकीमोंगरा पुलिस ने कबाड़ से भरा वाहन पकड़ा, किया जब्त; पुलिसकर्मियों को धमकी देने का भी आरोप।

0
IMG-20261124-WA0033

बांकीमोंगरा: थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़ा एक मामला सामने आया है। 22 नवंबर को पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान शुक्लाखार के पास कबाड़ से भरे एक वाहन को पकड़कर जब्त किया गया। इस दौरान वाहन से जुड़े दीपक साहू उर्फ ललुआ पर पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर धमकी देने और अपने रसूख का हवाला देकर कार्रवाई प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप भी लगा है।

जानकारी के अनुसार, लखनपुर निवासी दीपक साहू उर्फ ललुआ का वाहन चालक प्रदीप यादव कबाड़ से भरा वाहन लेकर लखनपुर से बलौदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान शुक्लाखार के पास बांकीमोंगरा पुलिस द्वारा की जा रही वाहन चेकिंग में वाहन को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में कबाड़ भरा होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की।

इसी कार्रवाई के दौरान आरोप है कि दीपक साहू ने पुलिसकर्मियों के सामने अपने रसूख और ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि, “अगर मेरे खिलाफ कार्रवाई की तो तुम्हारी नौकरी खा जाऊंगा। पुलिस को जेब में रखता हूं, ऊपर के अधिकारियों से मेरी अच्छी पहचान है, शिकायत कर दूंगा।

बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों के सामने कथित तौर पर इस तरह का दबाव बनाने और कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश से मामला और गंभीर हो गया। हालांकि, पुलिस ने वाहन को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी जानकारी

घटनाक्रम की जानकारी थाना प्रभारी रामकुमार साव द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद उच्च अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।


इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो जाते हैं कि वे कानून के रखवालों के सामने ही अपनी ऊंची पहुंच और अधिकारियों से पहचान का हवाला देने लगते हैं? क्या रसूख और पहचान के दम पर कानून की कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है?

कानून सबके लिए समान है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई में किसी भी तरह का दबाव या हस्तक्षेप कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर विषय है।

फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस द्वारा कबाड़ से भरे वाहन को जब्त किए जाने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि जांच के बाद इस प्रकरण में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed