प्राथमिक शाला सोनगुढ़ा में कक्षा 5 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई, भोजन व उपहार के साथ दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
सुनील दास कि रिपोर्ट:प्राथमिक शाला सोनगुढ़ा में कक्षा 5 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई, भोजन व उपहार के साथ दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

छत्तीसगढ़/कोरबा:-कोरबा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित प्राथमिक शाला सोनगुढ़ा में कक्षा 5 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पांच वर्षों तक विद्यालय में अध्ययन करने के बाद बच्चों ने अपने शैक्षणिक जीवन के प्रथम पड़ाव को पार कर लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे जीवन के अगले चरण में प्रवेश कर रहे हैं। उन्हें आगे भी इसी प्रकार मेहनत और लगन से पढ़ाई करते हुए अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षकों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह विद्यालय हमेशा उनका अपना रहेगा और वे जब चाहें यहां आकर अपने शिक्षकों और साथियों से मिल सकते हैं।
विदाई समारोह के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष रूप से न्योता भोजन की व्यवस्था की गई तथा विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को स्नेह स्वरूप छोटा सा उपहार भी भेंट किया गया। इस दौरान बच्चों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस पूरे कार्यक्रम के आयोजन में शिवधरन और प्रियंका का विशेष योगदान रहा। उनकी ओर से बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिसके लिए विद्यालय परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जीवन में आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
