बांकीमोंगरा क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टरों से बढ़ रहा खतरा, पार्षद अश्वनी मिश्रा ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
बांकीमोंगरा क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टरों से बढ़ रहा खतरा, पार्षद अश्वनी मिश्रा ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ट्रैक्टरों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इस समस्या के निराकरण और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से उन्होंने जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान निम्नलिखित बिंदुओं की ओर आकर्षित किया जिसमें क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे ट्रैक्टर संचालित हो रहे हैं जिन पर पंजीयन नंबर (Number Plate) अंकित नहीं है। किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में ऐसे वाहनों की पहचान करना असंभव हो जाता है।
रात के समय सड़कों पर खड़े या चलते ट्रैक्टर अक्सर दिखाई नहीं देते, जिससे पीछे से आने वाले वाहन उनसे टकरा जाते हैं। पार्षद ने मांग की है कि सभी ट्रैक्टरों के पीछे और ट्रालियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाना अनिवार्य किया जाए।
इसके अलावा बिना दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों के सड़कों पर दौड़ रहे ये वाहन न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि आम जनमानस की जान के लिए भी खतरा बने हुए हैं।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि बांकीमोंगरा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को चिह्नित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही इन ट्रैक्टरों पर नंबर लिखवाने और रेडियम लगवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं की गई, तो क्षेत्र में बड़ी दुर्घटनाएं घट सकती हैं।
