बांकीमोंगरा: मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा घुड़देवा मुक्तिधाम, पार्षद पति ने CM0 से की सुधार की अपील।
बांकीमोंगरा: मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा घुड़देवा मुक्तिधाम, पार्षद पति ने CM0 से की सुधार की अपील।

छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 16/17 के घुड़देवा मुक्तिधाम में अव्यवस्थाओं का आलम इस कदर है कि अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुक्तिधाम में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को देखते हुए वार्ड क्रमांक 17 घुड़देवा पार्षद पति पवन गुप्ता ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को ध्यान आकर्षित कराते हुए जल्द से जल्द सुधार कार्य कराने की अपील की है।
मुक्तिधाम की स्थिति वर्तमान में काफी दयनीय बनी हुई है। स्थानीय निवासियों और पार्षद पति का कहना है कि चिलचिलाती धूप और बरसात के दिनों में शवदाह करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इसके अलावा अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के बैठने के लिए कोई चबूतरा या प्रतीक्षालय नहीं बनाया गया है, जिससे लोगों को घंटों खड़े रहना पड़ता है।
पार्षद पति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सीधे संपर्क किया है। उन्होंने बताया कि मुक्तिधाम समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहाँ कम से कम बुनियादी सुविधाएं होना अनिवार्य है। उन्होंने मांग की है कि शवदाह स्थल पर अविलंब मजबूत शेड का निर्माण किया जाए।
परिजनों और ग्रामीणों के बैठने के लिए पक्के चबूतरे बनवाए जाएं।
परिसर में साफ-सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था की जाए।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और निर्माण कार्य शुरू करवाता है।
