--:--

कोरबा में एएसआई के बेटे की मौत के बाद मामला हत्या में तब्दील, पत्रकार अपहरण व लूट कांड में दो आरोपी गिरफ्तार, आगे जांच जारी।

0
IMG-20260613-WA0016.jpg

छत्तीसगढ़/कोरबा जिला मुख्यालय के बुधवारी बायपास मार्ग पर विगत 6-7 जून की दरम्यानी रात हुए भीषण हादसे और उसके बाद उपजे विवाद ने अब बेहद गंभीर रूप ले लिया है। हादसे में घायल पुलिस विभाग के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रामनारायण रात्रे के इकलौते पुत्र चंद्रमणि उर्फ (दादू) रात्रे ने आखिरकार जिंदगी और मौत की जंग हार गई। रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 12 जून को उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर के बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एक बालिग और एक नाबालिग आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें से एक बालिग है और दूसरा नाबालिग है।
नाम: कपिल कुमार सारथी
पिता का नाम: मुरारी लाल सारथी
स्थायी पता: कुटेशर नगोई, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
वर्तमान पता: ग्राम बरपाली, थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा

एक नाबालिग…..।
दर्ज धाराएं: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 140(3),310(2),311,115(2) BNS, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना की रात एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने चंद्रमणि रात्रे को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद चंद्रमणि के मित्र व युवा पत्रकार अरविंद राठौर और उनके साथी साहिल निर्मलकर ने हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से बोलेरो का पीछा करना शुरू किया और वे बलगी मार्ग तक पहुंच गए।

पीछा करने पर पत्रकार का अपहरण, मारपीट और लूट।
आरोप है कि बोलेरो का पीछा करने के दौरान एक वेन्यू कार और मोटरसाइकिल पर सवार करीब 25 से 30 लोगों ने उल्टे पत्रकार अरविंद और उनके साथी को घेर लिया।
बदमाशों ने बलगी मोड़ के पास ले जाकर पत्रकार अरविंद राठौर का अपहरण कर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
आरोपियों पर पिस्तौलनुमा हथियार दिखाकर हवाई फायर करने का भी संगीन आरोप है।
बदमाशों ने पत्रकार और उनके साथी से नकदी, आईफोन (iPhone) और सोने के आभूषण भी लूट लिए।
लावारिस कार और मोबाइल बरामद।
घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वेन्यू कार को लावारिस हालत में बरामद किया। वहीं, पत्रकार का लूटा हुआ मोबाइल मिलने के बाद उसे बांकीमोंगरा थाने में जमा करा दिया गया है।

डीजल चोरी गिरोह से जुड़े होने की आशंका।
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, इस पूरे खूनी खेल और अपहरण कांड के तार क्षेत्र में सक्रिय कथित डीजल चोरी गिरोह से जुड़े होने की चर्चा है। घटना में शामिल कुछ संदिग्धों का संबंध बांकीमोंगरा, कुसमुंडा, गेवरा और दीपका क्षेत्र से बताया जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *