बांकीमोंगरा:घुड़देवा रेलवे फाटक के गड्ढों से राहगीर परेशान, पार्षद प्रतिनिधि ने डलवाई मिट्टी, रेलवे प्रबंधन से स्थायी समाधान की मांग।

( साहिल महंत कि रिपोर्ट ) छत्तीसगढ़ /कोरबा बांकीमोंगरा से कोरबा मार्ग पर स्थित घुड़देवा रेलवे फाटक इन दिनों बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। यह मार्ग क्षेत्र के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और वाहन चालकों व राहगीरों को चोटें भी लग रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे फाटक की जर्जर स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन रेलवे प्रबंधन द्वारा इसकी मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
राहगीरों की परेशानी को देखते हुए घुड़देवा के पूर्व पार्षद एवं वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि ने स्वयं पहल करते हुए रेलवे फाटक के गड्ढों में मिट्टी डलवाई, जिससे फिलहाल लोगों को कुछ राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित का कार्य बताया।
हालांकि लोगों का कहना है कि मिट्टी डालना केवल अस्थायी समाधान है। उन्होंने रेलवे प्रबंधन से मांग की है कि रेलवे फाटक की जल्द से जल्द स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
