संगठन सृजन अभियान में शामिल होंगी कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, बांकीमोंगरा में तैयारियां जारी।
कोरबा बांकीमोंगरा: कांग्रेस संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बांकीमोंगरा ब्लॉक में संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार, 20 अगस्त को किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा के अध्यक्ष संजय आजाद ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शांतिनगर सामुदायिक भवन, बांकीमोंगरा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत शामिल होंगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं पार्षदगण उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा आयोजन स्थल पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
