बांकीमोंगरा से कोरबा सिटी बस संचालन की मांग, पार्षद रूबी पवन गुप्ता ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
कोरबा/बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 17 की कांग्रेस पार्षद श्रीमती रूबी पवन गुप्ता ने बांकीमोंगरा से कोरबा के बीच बंद पड़ी सिटी बस सेवा को पुनः प्रारंभ कराने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
पार्षद ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पूर्व में बांकीमोंगरा से कोरबा के लिए सिटी बस का संचालन होता था, जिससे क्षेत्र के नागरिकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलती थी। लेकिन सिटी बस सेवा बंद होने के बाद लोगों को कोरबा आने-जाने के लिए अन्य परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
सिटी बस सेवा बंद होने से बांकीमोंगरा सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अतिरिक्त किराया खर्च करने के साथ ही आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रोजाना कोरबा आने-जाने वाले कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के लिए यह समस्या अधिक परेशानी का कारण बनी हुई है।
पार्षद रूबी पवन गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकता और जनहित को देखते हुए एसईसीएल बांकीमोंगरा से कोरबा मार्ग पर पुनः सिटी बस सेवा शुरू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कलेक्टर से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द सिटी बस संचालन प्रारंभ कराने की मांग की है।
सिटी बस सेवा पुनः प्रारंभ होने से बांकीमोंगरा क्षेत्र के नागरिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को कम खर्च में सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।


