कटाईनार डेम में पिकनिक मनाने पहुंचे 16 वर्षीय युवक की डूबने से मौत, 24 घंटे बाद मिला शव।
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था नरेश साहू, पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा, बांकीमोंगरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बांकीमोंगरा: जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटाईनार एनीकट (डेम) में पिकनिक मनाने पहुंचे 16 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को हुए इस हादसे के बाद युवक की तलाश की जा रही थी। करीब 24 घंटे बाद शनिवार सुबह डेम का पानी कम किए जाने पर उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्यापुरी, जमनीपाली (थाना दर्री) निवासी नरेश साहू, पिता फिरतू साहू, उम्र लगभग 16 वर्ष, शुक्रवार को अपने दो दोस्तों के साथ कटाईनार एनीकट में पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान नरेश अपने साथियों के साथ डेम के किनारे गया, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बांकीमोंगरा पुलिस, परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शुक्रवार देर शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। डेम में पानी अधिक होने और रात हो जाने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आई।
इसके बाद शनिवार सुबह डेम का गेट खोलकर पानी का स्तर कम किया गया। पानी कम होने पर नरेश साहू का शव बरामद हुआ। बांकीमोंगरा पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर है।
