--:--

बांकीमोंगरा: आतिशबाजी और महाआरती के साथ हुआ ‘शांतिनगर की महारानी’ का भव्य आगमन, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह।

0
IMG-20261010-WA0003.jpg

बांकीमोंगरा में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां पूरी, आकर्षक लाइटिंग और डीजे की धुन पर भक्तिमय माहौल में हुआ मां दुर्गा का स्वागत।

कोरबा/बांकीमोंगरा: शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर पूरे कोरबा जिले सहित उपनगरीय क्षेत्र बांकीमोंगरा में भी भक्तिमय माहौल बनने लगा है। 11 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हो रहे शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में बांकीमोंगरा के शांतिनगर में भी नवरात्रि उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं।

नवरात्रि पर्व के शुभारंभ से पूर्व शांतिनगर की आराध्य देवी ‘मां दुर्गा, शांतिनगर की महारानी’ की प्रतिमा का भव्य आगमन हुआ। इस दौरान आतिशबाजी, आकर्षक लाईट सजावट, डीजे की धुन और महाआरती के साथ माता रानी का स्वागत किया गया। मां दुर्गा की प्रतिमा के आगमन को लेकर शांतिनगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

माता रानी के आगमन के दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आकर्षक रोशनी और आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा नवरात्रि पर्व के मंगलमय होने की कामना की।

नौ दिनों तक होगी मां दुर्गा की आराधना!

शारदीय नवरात्रि हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है, जिसमें नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान श्रद्धालु व्रत रखते हैं और विधि-विधान से माता रानी की आराधना करते हैं। बांकीमोंगरा के शांतिनगर में भी नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन रहेंगे।

मां दुर्गा की प्रतिमा के भव्य आगमन के साथ ही शांतिनगर में नवरात्रि उत्सव की रौनक बढ़ गई है। अब श्रद्धालुओं को नवरात्रि के आगामी दिनों में होने वाली पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *