कटघोरा विधानसभा के ग्राम भेजीनारा में एसईसीएल की भूमिगत खदान के पास जमीन धंसी, ग्रामीणों में दहशत।
15 फीट से अधिक गहराई तक जमीन धंसने का ग्रामीणों का दावा, हादसे की आशंका से लोग भयभीत।
बांकीमोंगरा/भेजीनारा। एसईसीएल की भूमिगत खदान क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भेजीनारा में जमीन धंसने की घटना सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, जमीन में बना गहरा गड्ढा 15 फीट से अधिक गहरा हो चुका है। इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जमीन धंसने से क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। गड्ढे की गहराई अधिक होने और आसपास झाड़ियां होने के कारण खतरा और बढ़ गया है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं एसईसीएल प्रबंधन से मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कराने, जमीन धंसने के कारणों की जांच करने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित प्रशासन इस मामले में कब तक संज्ञान लेकर ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाते हैं।
