गजरा में नवरात्रि पर्व की धूम, कल भव्य डांस प्रतियोगिता तो 20 अक्टूबर को होगा विशाल रावण दहन।

आकर्षक दुर्गा पंडाल और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा गजरा मैदान, विस्सू श्रीवास के जगराता में झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण।
बांकीमोंगरा (कोरबा)। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर जगह-जगह मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं। कहीं डांडिया ( गरबा ) की धूम है, तो कहीं भक्ति जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालु माता रानी की आराधना में लीन हैं। इसी कड़ी में कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत गजरा में भी नवरात्रि पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है।
गजरा में आकर्षक पंडाल सजाकर मां नवदुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। नवरात्रि के प्रारंभ से ही माता रानी की पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, पिछले वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी गजरा और आसपास के बच्चों द्वारा गरबा एवं डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
दुर्गा पंडाल के साथ पूरे गजरा मैदान को रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मैदान में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए हैं, जिससे नवरात्रि उत्सव का आकर्षण और बढ़ गया है। शाम होते ही क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।
19 अक्टूबर को भव्य डांस प्रतियोगिता!
श्री श्री दुर्गा पूजा, दशहरा एवं काली पूजा समिति, गजरा-बांकीमोंगरा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को नवमी के अवसर पर भव्य डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में कोरबा जिले सहित अन्य जिलों के प्रतिभागी भी शामिल होकर अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।
20 अक्टूबर को रावण दहन और विस्सू श्रीवास का जगराता!
नवरात्रि उत्सव के तहत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर विशाल रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक विस्सू श्रीवास द्वारा भव्य देवी जगराता प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समिति द्वारा दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, रावण दहन के लिए रावण का पुतला तैयार करने का अंतिम कार्य जारी है। इस वर्ष रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भी आयोजन में आकर्षण रहने की उम्मीद है।
नवरात्रि, डांस प्रतियोगिता, देवी जगराता और रावण दहन को लेकर गजरा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दशहरा उत्सव में अधिक संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक शामिल होंगे।



