ब्रेकिंग न्यूज़: बांकीमोंगरा के शांतिनगर में बलवा, 30-40 लोगों के पहुंचने की सूचना; पुलिस जांच में जुटी।
बांकीमोंगरा ( कोरबा ) कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर में बलवा की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, संजय आजाद के निवास स्थान पर करीब 30 से 40 लोगों के पहुंचकर धावा बोलने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संजय आजाद के पुत्र कुणाल आजाद को निशाना बनाने की योजना होने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचे लोगों के पास चाकू, डंडे सहित अन्य हथियार थे। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्री सीएसपी विमल पाठक, दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
वहीं, कुछ आरोपियों के पुलिस की गिरफ्त में होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
