ब्रेकिंग न्यूज़: बांकीमोंगरा-सुतर्रा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 18 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल।
स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, टक्कर के बाद सड़क से करीब 50 मीटर दूर पलटा वाहन; डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए दोनों युवक।
बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा से सुतर्रा-कटघोरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो वाहन के परखच्चे उड़ गए और टक्कर के बाद वाहन सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार होकर दो युवक चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर कुछ दूरी पर मुख्य मार्ग के विपरीत दिशा में सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से वाहन अनियंत्रित होकर जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए। इसके बावजूद दुर्घटना की भयावहता कम नहीं हुई। वाहन के पहिए सहित कई अन्य हिस्से टूटकर अलग हो गए और टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क से काफी दूर जाकर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है।
इस दर्दनाक सड़क हादसे में मृतक की पहचान रूपेश पटेल पिता दिलीप पटेल, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी ग्राम चाकाबुड़ा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान आर्यन गोंड पिता ओम प्रकाश गोंड, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी ग्राम बुंदेली के रूप में हुई है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
