घुड़देवा में ओपनिंग मैच फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 18 टीमें दिखाएंगी दमखम।

कोरबा/बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 स्थित घुड़देवा के मुख्य दशहरा मैदान में मंगलवार को ओपनिंग मैच फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमानंद सिंह, उमेश यादव एवं कोरबा फुटबॉल संघ के सचिव पवन गुप्ता के द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल प्रेमियों एवं फुटबॉल खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। टूर्नामेंट के प्रथम दिन दीपका और कोरबा की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस प्रतियोगिता में कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जहां खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
यह फुटबॉल प्रतियोगिता साईं क्लब घुड़देवा के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन 13 नवंबर 2026 को होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा एवं विकास झा शामिल होंगे।
आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
