--:--

बांकीमोंगरा के प्रा. स्वास्थ्य केंद्र कटाईनार में मनाया गया मितानिन दिवस, मितानिनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का श्रीफल भेंटकर किया गया सम्मान।

0
IMG-20261123-WA0054

बांकीमोंगरा: क्षेत्र के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटाईनार में मितानिन दिवस उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्थानीय मितानिनों के साथ ही स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 14 कटाईनार की पार्षद श्रीमती रम्भा हेम सिंह कंवर की ओर से उनके प्रतिनिधि हेम सिंह कंवर ने स्थानीय मितानिनों एवं स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान उनके सेवा कार्यों की सराहना करते हुए समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद प्रतिनिधि हेम सिंह कंवर ने कहा कि मितानिनें स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना, गर्भवती महिलाओं को जागरूक करना तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मितानिनें निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करती हैं। उनके इसी समर्पण और मेहनत को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी मितानिनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं कटाईनार चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी. पंथ ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों को सफल बनाने में मितानिनें जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने कहा कि मितानिनों के सहयोग से स्वास्थ्य केंद्र और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। उनका सेवाभाव और समर्पण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक है। उन्होंने सभी मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए आगे भी इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

इस अवसर पर कटाईनार चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी. पंथ, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद प्रतिनिधि हेम सिंह कंवर, आरएचओ पन्ना लाल पटेल, आरएचओ श्रीमती हेमलता पटेल सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटाईनार के डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से मितानिनों के सेवाभाव, समर्पण एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed