कोरबा खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 12 वाहन जब्त, खनिज माफियाओं में हड़कंप।
कोरबा जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाते हुए अवैध रूप से रेत एवं मिट्टी का परिवहन कर रहे वाहनों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान राताखार से 3 ट्रैक्टर, कसरेंगा से 2 ट्रैक्टर, बरमपुर से 1 ट्रैक्टर, सुराकछार से 1 ट्रैक्टर, पाली से 1 ट्रैक्टर, कापूबहरा से मिट्टी परिवहन कर रहा 1 टीपर तथा भिलाई बाजार से 2 ट्रैक्टर और 1 टीपर सहित कुल 12 वाहनों को जब्त किया गया।
जब्त किए गए वाहनों को सिविल लाइन थाना, रामपुर थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, पाली थाना, हरदीबाजार थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
