--:--

PM आवास योजना में गड़बड़ी की जांच तेज: तिलकेजा पंचायत पहुंची जिला स्तरीय टीम, जवाबों से बचते दिखे जिम्मेदार।

0
IMG-20260811-WA0005.jpg

गौतम कुमार संवाददाता उरगा;

छत्तीसगढ़/कोरबा विकासखंड की ग्राम पंचायत तिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सामने आए गंभीर आरोपों की जांच अब जिला स्तर पर शुरू हो गई है। पात्र हितग्राहियों के नाम पर स्वीकृत राशि दूसरे खातों में पहुंचने की शिकायतों के बीच आज 10 अगस्त को जिला स्तरीय जांच टीम पंचायत भवन पहुंची और मामले की पड़ताल की।

हालांकि जांच के दौरान ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। टीम ने शिकायतों और दस्तावेजों की जांच तो की, लेकिन जांच की दिशा और अब तक सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।

जब जिला स्तरीय जांच दल से मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो टीम के सदस्यों ने जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं होने की बात कहकर जवाब देने से इनकार कर दिया। वहीं वर्तमान और पूर्व सरपंच ने भी इस संबंध में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।

गौरतलब है कि तिलकेजा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनमें पात्र हितग्राहियों के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप शामिल हैं। इन आरोपों ने योजना की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सबकी निगाहें जिला स्तरीय जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, रिपोर्ट कब तक तैयार होती है और यदि अनियमितता सिद्ध होती है तो जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

फिलहाल जांच जारी है। मामले से जुड़ी कोई भी नई और आधिकारिक जानकारी सामने आने पर उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed