दीपका गौरव पथ की बदहाली पर कांग्रेस प्रदेश सचिव तनवीर अहमद ने CMO को सौंपा ज्ञापन, भारी वाहनों पर रोक और सड़क मरम्मत की मांग।
राजेश सोनी संवाददाता दीपका:
छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र के प्रमुख मार्ग गौरव पथ की बदहाल स्थिति, बढ़ते अतिक्रमण एवं अनियंत्रित यातायात व्यवस्था को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में तनवीर अहमद ने बताया कि SECL द्वारा गौरव पथ पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसके चलते सड़क की एक लेन बंद है। वर्तमान में भारी कोयला वाहनों के साथ आम नागरिकों और छोटे वाहनों की आवाजाही भी एक ही लेन से हो रही है। इससे मार्ग पर लगातार यातायात का दबाव बना हुआ है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण गौरव पथ की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क की खराब स्थिति के चलते वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मार्ग पर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था के अनियंत्रित होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
तनवीर अहमद ने मांग की है कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूर्ण होने तक गौरव पथ पर भारी कोयला वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
उन्होंने प्रशासन से कहा कि गौरव पथ दीपका का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था को नजरअंदाज करना आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, तहसीलदार दीपका एवं SECL के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि मामले में संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन और SECL प्रबंधन द्वारा गौरव पथ की बदहाली, अतिक्रमण एवं भारी वाहनों के दबाव से जुड़ी इस समस्या पर कब तक ठोस कार्रवाई की जाती है।
