भीषण गर्मी में पानी की किल्लत प्रारंभ,बांकीमोंगरा- वार्ड 09 की पार्षद दिव्या ने CMO से की शाम को भी जल आपूर्ति की मांग।
भीषण गर्मी में पानी की किल्लत प्रारंभ,बांकीमोंगरा- वार्ड 09 की पार्षद दिव्या ने CMO से की शाम को भी जल आपूर्ति की मांग।
छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 09, अंबेडकर नगर में गहराते जल संकट को देखते हुए स्थानीय पार्षद बहन दिव्या ने सक्रियता दिखाई है। बढ़ती गर्मी और पानी की बढ़ती खपत के मद्देनजर पार्षद दिव्या ने नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) से मुलाकात की और वार्ड की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया।
पार्षद दिव्या ने CMO मैडम को बताया कि वर्तमान में वार्ड में केवल सुबह के समय एक घंटे ही टेप नल के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है। भीषण गर्मी के कारण पानी की मांग बढ़ गई है, जिससे मात्र एक घंटे की आपूर्ति में वार्डवासियों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। इस वजह से अंबेडकर नगर के नागरिकों को दैनिक कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के त्वरित निदान हेतु पार्षद ने मांग रखी है कि सुबह के साथ-साथ शाम के समय भी कम से कम एक घंटे के लिए टेप नल खोला जाए। उन्होंने तर्क दिया कि यदि दोनों समय जलापूर्ति सुनिश्चित की जाती है, तो वार्ड में पानी की कमी दूर होगी और आम जनता को राहत मिलेगी।
मुलाकात के दौरान CMO मैडम ने वार्ड की समस्या को गंभीरता से सुना और पार्षद दिव्या को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही इसका उचित निराकरण करेंगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार कर शाम के वक्त भी एक घंटा पानी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वार्डवासियों ने पार्षद दिव्या के इस प्रयास की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा।
