पौसरा में कटघोरा वनमंडल द्वारा वृक्षारोपण में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा।

छत्तीसगढ़ /कोरबा विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पौसरा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कटघोरा वनमंडल के वन विभाग और वन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बांकीमोंगरा की नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा शामिल हुईं।
छायादार और फलदार पौधों का रोपण।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा, अरदा जनपद पंचायत सदस्य श्रवण कुमार, पौंसरा सरंपच बंसती एक्का, उप सरपंच संजू यादव, पंचायत पौसरा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार वृक्षों का रोपण किया। इस अवसर पर रोपे गए पौधों की सुरक्षा और उनके नियमित रखरखाव का भी संकल्प लिया गया।

उपस्थित जनसमूह और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़ न सिर्फ हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करते हैं। हम सभी को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी बच्चे की तरह देखभाल करनी चाहिए।”
उन्होंने इस शानदार और जागरूक आयोजन के लिए कटघोरा वनमंडल और वन विभाग की टीम की सराहना की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पौसरा के गणमान्य नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पर्यावरण मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और धरती को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा अर्चना कर किया गया तत्पश्चात सभी अतिथियों का स्वागत किया गया, एवं सभी अतिथियों ने अपने- अपने उद्बोधन दिया।

