--:--

चोरभट्ठी में पेयजल संकट गहराया, 10 दिनों से पानी की किल्लत से 25 परिवार परेशान।

0
IMG-20260618-WA0029.jpg

समार सिंह बिंझवार कि रिपोर्ट:- चोरभट्ठी में पेयजल संकट गहराया, 10 दिनों से पानी की किल्लत से 25 परिवार परेशान।

छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत आने वाले ग्राम चोरभट्ठी के कई वार्डों में इन दिनों पेयजल संकट गहरा गया है। पिछले लगभग 10 दिनों से क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले क्षेत्र में सुबह और शाम दोनों समय टेप नलों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती थी, जिससे आम नागरिकों को पर्याप्त राहत मिलती थी। लेकिन पिछले 10 दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

ग्राम चोरभट्ठी के सुभाषपारा में पानी की समस्या इतनी विकराल हो गई है कि मोहल्ले के निवासी राजेश कुमार कंवर ने अपने निजी खर्च पर लगभग 20 वर्ष पुराने हैंडपंप में बोरिंग पाइप लगवाकर उसे पुनः चालू कराया। हालांकि इस व्यवस्था से भी मोहल्ले के लगभग 25 परिवारों को केवल एक घंटे तक ही पानी मिल पा रहा है, जो उनकी जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है।

वहीं, पानी की गंभीर समस्या को देखते हुए ग्राम निवासी राम सिंह बिंझवार अपने ट्रैक्टर में ड्रम रखकर दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामवासियों ने स्थानीय पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए तथा पहले की तरह सुबह और शाम दोनों समय पर्याप्त दबाव के साथ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed