कृषि महाविद्यालय कटघोरा में अव्यवस्थाओं का बोलबाला, समस्याओं को लेकर अभाविप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
राजेश सोनी कि रिपोर्ट;
छत्तीसगढ़ /कोरबा महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कटघोरा में अध्ययनरत छात्र आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों में गहरा आक्रोश है। इसके अलावा, कॉलेज के विकास कार्यों और स्वीकृत फंड (निधियों) के उपयोग में पारदर्शिता न होने को लेकर भी छात्रों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
विद्यार्थियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि जब भी वे अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं, तो प्रबंधन उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अनुचित और अभद्र व्यवहार करता है। छात्रों के मुताबिक, एक गरिमामयी शैक्षणिक संस्थान में ऐसा रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।
छात्रों की इन गंभीर समस्याओं को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कोरबा इकाई के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की है।
अभाविप कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर भविष्य में कॉलेज प्रशासन की लापरवाही या उदासीनता की वजह से किसी भी छात्र को परेशानी का सामना करना पड़ा, तो विद्यार्थी परिषद चुप नहीं बैठेगी। छात्रों के हक और सम्मान के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से अभाविप के जिला संयोजक गोविंद पटेल, जिला संगठन मंत्री प्रदीप साहू, गिरधर गोपाल, पार्थिव, लोकेन्द्र, अनिक, चांदनी, आंचल, आरती और खुशबू सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
