बांकीमोंगरा में श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाया गया यौम-ए-आशूरा, जगह-जगह हुआ शरबत वितरण।
बांकीमोंगरा में श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाया गया यौम-ए-आशूरा, जगह-जगह हुआ शरबत वितरण।

छत्तीसगढ़/कोरबा मुहर्रम के दसवें दिन यौम-ए-आशूरा का पर्व बांकीमोंगरा में श्रद्धा, आस्था और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने पारंपरिक रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के युवा, बुजुर्ग एवं बच्चे शामिल हुए। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए निर्धारित स्थल तक पहुँची, जहां लोगों ने शहीद-ए-कर्बला हज़रत इमाम हुसैन एवं उनके साथियों की कुर्बानी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समाज के सदस्यों द्वारा समाज व राहगीरों के लिए शरबत एवं पेयजल की व्यवस्था की गई। लोगों ने आपसी भाईचारे, अमन और इंसानियत का संदेश देते हुए एक-दूसरे को मुहर्रम की अहमियत से अवगत कराया।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने सभी नागरिकों, प्रशासन, पुलिस विभाग एवं सहयोग करने वाले समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुहर्रम हमें सत्य, न्याय, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

