अरदा-घनाकछार मार्ग बना मौत का रास्ता, धंसे कुएं से स्कूली बच्चों की जान जोखिम में।

छत्तीसगढ़/कोरबा विकासखंड कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत अरदा क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क किनारे स्थित एक कुआं धंस गया है। कुएं के धंसने से सड़क का एक हिस्सा भी कमजोर हो गया है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं राहगीरों के सामने गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
यह सड़क ग्राम अरदा से आसपास के ग्राम घनाकछार, जमनीमुड़ा, तेलसरा ग्रामों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक, किसान, मजदूर, महिलाएं तथा अन्य ग्रामीण इसी रास्ते से अपने दैनिक कार्यों के लिए आवाजाही करते हैं। वर्तमान में सड़क के किनारे की मिट्टी लगातार कट रही है और कुएं का हिस्सा धंसने से सड़क की चौड़ाई भी कम हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। खासकर सुबह और शाम के समय स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, तो सड़क का शेष हिस्सा भी धंस सकता है और बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या लम्बे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग, ग्राम पंचायत द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो मौके पर सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए हैं और न ही चेतावनी संबंधी कोई संकेतक लगाए गए हैं। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि धंसे हुए कुएं और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों की सुरक्षा बनी रहे तथा किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
यदि समय रहते प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया, तो बरसात के दौरान यह मार्ग पूरी तरह बाधित होने के साथ-साथ किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है।
