सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग, पार्षद मिश्रा ने बांकीमोंगरा सीएमओ को सौंपा ज्ञापन।
छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13, कटाईनार-01 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा (पार्षद) ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर वार्ड सहित नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने अपने ज्ञापन में कहा है कि कटाईनार, चटाईनार एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। वर्तमान समय में चोरी, असामाजिक गतिविधियों तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि की आशंका बनी हुई है, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से पुलिस एवं प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने में सहायता मिलेगी। साथ ही किसी भी घटना की जांच में भी महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हो सकेंगे।
पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन से जनहित एवं क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 13 सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शीघ्र सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका अध्यक्ष तथा थाना प्रभारी बांकीमोंगरा को भी प्रेषित की गई है।

