--:--

बांकीमोंगरा में पत्रकारों के समक्ष भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा ने जताया खेद, पत्रकारों ने समाप्त किया बहिष्कार।

0
IMG-20260821-WA0000.jpg

कोरबा/बांकीमोंगरा: पत्रकारों एवं मीडिया से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद का शुक्रवार को सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया। भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा बांकीमोंगरा के पत्रकारों के समक्ष उपस्थित हुए और अपनी पूर्व टिप्पणी को गलत बताते हुए खेद व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की टिप्पणी नहीं करने का आश्वासन भी दिया।
बैठक के दौरान विश्वकर्मा ने कहा कि “मेरे द्वारा पत्रकारों के पोस्ट पर जो टिप्पणी की गई, वह गलत था। मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। मेरे द्वारा किए गए इस तरह के पोस्ट से पत्रकार बंधुओं को बुरा लगा और उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचा, जिसके लिए मैं क्षमा प्रार्थी हूं।”
उन्होंने कहा कि भविष्य में उनके द्वारा ऐसा कोई भी पोस्ट अथवा टिप्पणी नहीं की जाएगी, जिससे पत्रकारों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचे। साथ ही उन्होंने पत्रकारों के साथ पूर्व की तरह सामाजिक एवं पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।


बहिष्कार समाप्त करने का किया आग्रह?
भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा ने पत्रकारों से पूर्व में लिए गए बहिष्कार के निर्णय को समाप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे पत्रकारों के साथ आपसी भाईचारा और सामाजिक संबंध पूर्ववत बनाए रखना चाहते हैं तथा भविष्य में सभी के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहने और कार्य करने की इच्छा रखते हैं।
स्पष्टीकरण से संतुष्ट हुए पत्रकार?


भागवत विश्वकर्मा द्वारा पत्रकारों के समक्ष दिए गए स्पष्टीकरण और खेद व्यक्त किए जाने के बाद उपस्थित पत्रकारों ने आपस में विचार-विमर्श किया। पत्रकारों ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक मानते हुए बहिष्कार के निर्णय को समाप्त करने का सामूहिक निर्णय लिया।
बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी गिले-शिकवे दूर करते हुए भविष्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर सहमति जताई। पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान और प्रेस की गरिमा सर्वोपरि है, वहीं आपसी संवाद के माध्यम से विवाद का समाधान होना सकारात्मक पहल है।
बैठक के बाद मामले को लेकर चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया और दोनों पक्षों के बीच संबंधों को पूर्ववत सामान्य बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाया गया। साथ ही भविष्य में आपसी सम्मान, संवाद और भाईचारे के साथ कार्य करने पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed