बांकीमोंगरा में संगठन सृजन अभियान: सांसद ज्योत्सना महंत ने कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का मंत्र, नियुक्ति पत्र भी किए वितरित।

कोरबा/बांकीमोंगरा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा के तत्वावधान में गुरुवार को संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत शामिल हुईं। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा के अध्यक्ष संजय आजाद के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुटता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना चाहिए।
गेवरा से ट्रेन सेवा बंद होना दुर्भाग्यपूर्ण?
सांसद श्रीमती महंत ने गेवरा रेल्वे स्टेशन से ट्रेन सेवा बंद होने के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि गेवरा रेल्वे स्टेशन से का ट्रेन संचालन बंद होना और अभी तक सेवा प्रारंभ नहीं होना दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण जनसुविधा को लेकर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और आम जनता को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए आवाज उठाई जाएगी।
करीब दो वर्षों से बंद सिटी बस सेवा पर उठाएंगी आवाज?
उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में पिछले लगभग दो वर्षों से सिटी बस सेवा बंद है और अभी तक इसका संचालन प्रारंभ नहीं हुआ है। इसके चलते आम जनता, मजदूरों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों सहित रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने कहा कि आखिर जनता को इन परेशानियों का सामना कब तक करना पड़ेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सिटी बस सेवा से जुड़ा यह महत्वपूर्ण मुद्दा लोकसभा में भी उठाया जाएगा और सेवा पुनः प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
बांकीमोंगरा नगर के विकास में करेंगी सहयोग?
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के संबंध में सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि बांकीमोंगरा नगर पालिका अभी नया-नया बना है। निश्चित रूप से धीरे-धीरे सभी पार्षदों के साथ मिलकर नगर के विकास कार्यों में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
कई कार्यकर्ताओं को मिली संगठन की जिम्मेदारी?
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपे जाने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकीमोंगरा अध्यक्ष संजय आजाद ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। नई जिम्मेदारियां मिलने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से कोरबा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, हरिश परसाईं, परमानंद सिंह, प्रदीप अग्रवाल, मधुसूदन दास, विकास सिंह , श्रीमती उषा तिवारी ,सपना चौहान, पार्षद श्रीमती रुबी गुप्ता , हेमंत साहनी ,संदीप दरिया , राकेश अग्रवाल , राजकुमार मिश्रा, श्रीमती तालिका साहू , नवीन कुकरेजा , छत बाई चौहान,
पूजा महंत, धनंजय दीवान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती के साथ-साथ क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।




