--:--

देवरी-कोरई मार्ग में सलिहा नाला पर उच्चस्तरीय पुल के लिए 6.24 करोड़ की स्वीकृति, महावीर यादव ने जताया आभार।

0
IMG-20260825-WA0003.jpg

छत्तीसगढ़/कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के देवरी-कोरई (तुन्दुकोन्हा) मार्ग में सलिहा नाला पर क्षतिग्रस्त सेतु के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 6 करोड़ 24 लाख 80 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत राशि से सलिहा नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। पुल के निर्माण से बारिश के दौरान होने वाली आवागमन की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलने के साथ ही वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इस निर्माण कार्य से देवरी-कोरई (तुन्दुकोन्हा) मार्ग पर आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही पुल की समस्या के समाधान की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वहीं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला सचिव महावीर यादव, कोरबा ने सलिहा नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 6.24 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किए जाने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
महावीर यादव ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए उच्चस्तरीय पुल का निर्माण बेहद आवश्यक था। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed