ढेलवाडीह-सिंघाली प्रधानमंत्री सड़क पूरी तरह जर्जर, ग्रामीण परेशान।
कोरबा/बांकीमोंगरा:- ढेलवाडीह से सिंघाली को जोड़ने वाला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित पहुंच मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं और कई हिस्सों में डामर की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से आसपास के ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे, मजदूर, किसान और अन्य लोग रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चलाना जोखिम भरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य गांवों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा से जोड़ना है, लेकिन ढेलवाडीह-सिंघाली मार्ग की मौजूदा स्थिति विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल जांच कराकर मरम्मत अथवा नवीनीकरण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
इधर, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सदबीर निर्मलकर ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन ढेलवाडीह से सिंघाली पहुंच मार्ग की स्थिति सरकार की विफलता को उजागर कर रही है। ग्रामीणों को रोजाना जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है, इसके बावजूद जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं है।”
आगे उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है। इससे ग्रामीणों को दुर्घटना का डर बना रहता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन को सुचारु किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
