बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के पुरेना में खूनी वारदात, युवक ने मौसी पर डंडे से किया हमला; हुई मौत।
छत्तीसगढ़/कोरबा जिले बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरेना में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक युवक ने अपनी ही मौसी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, तीरथ राम शाम के समय कहीं से घूमकर अपने घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने पर उसकी मौसी ने देर से आने और बेवजह घूमने की बात को लेकर उसे फटकार लगाई। इसी बात से नाराज होकर युवक ने घर में रखे डंडे से अपनी मौसी के सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में घर में ही गिर पड़ी। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों और घटना का स्पष्ट कारण पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
खबर लिखे जाने तक बांकीमोंगरा पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
