--:--

बांकीमोंगरा में डंडे के वार से 55 वर्षीय महिला की मौत, आरोपी गिरफ्तार, कार्यवाही पर भी सवाल।

0
IMG-20260831-WA0004.jpg

कोरबा/बांकीमोंगरा बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के पुरेना बस्ती, दीपका रोड स्थित वार्ड क्रमांक-01 में लगभग 55 वर्षीय महिला की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला की पहचान मोहन कुंवर यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि देर रात एक युवक ने लाठी-डंडे से महिला के साथ मारपीट की, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी तीरथ राम यादव को हिरासत में लेकर हत्या के आरोप में अपराध दर्ज किया है।

रात में मारपीट की सूचना, 112 व स्थानीय निवासियों ने घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल?
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है । बताया जा रहा है कि आरोपी तीरथ राम यादव देर रात घूम-फिरकर अपने घर पहुंचा था। देर से घर आने और बेवजह घूमने को लेकर उसकी मौसी मोहन कुंवर यादव ने उसे फटकार लगाई। इसी बात से नाराज होकर युवक ने घर में रखी लाठी से महिला के सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार मारपीट घर के अंदर से लेकर बाहर तक हुई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से कटघोरा अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे उपचार के लिए कोरबा रेफर किए जाने की बात कही गई।

रेफर के बाद महिला को वापस घर लाने की जानकारी?
परिजनों के उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में घायल महिला को वापस उसके घर लाकर छोड़ दिए जाने की जानकारी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय महिला जीवित थीं और लोगों से बातचीत भी कर रही थीं।

यही घटना अब मामले का सबसे अहम पहलू बन गई है। सवाल उठ रहा है कि यदि महिला की हालत गंभीर थी और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया था, तो उन्हें समय पर जिला अस्पताल कोरबा क्यों नहीं पहुंचाया गया?
हालांकि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

रात में आरोपी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
मामले में ग्रामीणों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब रात में महिला के साथ मारपीट की सूचना पुलिस तक पहुंच चुकी थी और घायल महिला को अस्पताल भी पहुंचाया गया था, तो आरोपी को उसी समय हिरासत में लेकर पूछताछ अथवा आवश्यक कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
जानकारी के अनुसार 112 की टीम महिला को अस्पताल लेकर गई, जबकि आरोपी अपने घर में ही मौजूद रहा। यदि रात में ही आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाती और मामले को गंभीरता से लिया जाता, तो क्या घटनाक्रम कुछ अलग हो सकता था—यह सवाल अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

सुबह घर पहुंचने पर मृत मिली महिला?
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वार्ड क्रमांक-01 के पार्षद पति शिवरतन कंवर महिला का हालचाल जानने उनके घर पहुंचे। वहां मोहन कुंवर यादव मृत अवस्था में मिलीं।
इसके बाद करीब सुबह 10 बजे घटना की सूचना बांकीमोंगरा थाने में दी गई। जानकारी के अनुसार सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद, लगभग 12 बजे, बांकीमोंगरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने तक आरोपी तीरथ राम यादव अपने घर में ही मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।

कोटवार ने भी बताई लाठी से मारपीट की बात?
पुरेना के कोटवार संजय चौहान के अनुसार महिला के साथ लाठी से मारपीट की गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक महिला को घर के अंदर ही नहीं, बल्कि घर के बाहर तक ले जाकर पीटा गया।
मृतका रोजी-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती थीं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ पुलिस की कार्रवाई और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का वास्तविक कारण?
फिलहाल यह जांच का विषय है कि महिला की मौत मारपीट में आई चोटों के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण भी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण होगी।
यदि महिला की हालत गंभीर थी और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया था, तो उन्हें समय पर बेहतर उपचार क्यों नहीं मिल सका—इस पहलू की भी जांच आवश्यक है।

पुलिस ने हत्या का अपराध किया दर्ज?
मामले में मर्ग क्रमांक 45/26, धारा 194 कायम किया गया है। वहीं आरोपी तीरथ राम यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 167/26, धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं तथा संबंधित लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब पूरे मामले में रात की मारपीट से लेकर महिला की मौत तक की घटनाक्रम की कड़ी, पुलिस की तत्काल कार्रवाई, अस्पताल में हुए उपचार और रेफर किए जाने की स्थिति जांच का अहम हिस्सा होगी। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस घटना में वार्ड क्रमांक 01 पुरेना पार्षद पति शिरतन कंवर ने संवेदनशील दिखाते पुलिस को सुचना से लेकर मृतिका के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए वाहन व्यवस्था व पंचनामा तक सहयोग प्रदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed