--:--

बांकीमोंगरा के नये थाना प्रभारी सत्यम साहु ने ली शांति समिति की बैठक, जन्माष्टमी व आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन।

0
IMG-20260904-WA0006.jpg

छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी सत्यम साहु ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, डीजे संचालक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी सत्यम साहु ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर विशेष चर्चा की। उन्होंने अवैध नशाखोरी, जुआ, अवैध कबाड़ सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही गुंडा-बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस की नजर रहेगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों एवं वाहनों में पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले मटकी फोड़ एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर भी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखेगी। कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस की निगरानी रहेगी तथा आयोजकों से भी शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की गई।
थाना प्रभारी सत्यम साहु ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस एवं आम नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed