बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 10 की बदहाल सफाई व्यवस्था पर पार्षद प्रमोद सोना सख्त, SECL प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन।
दो दिन के भीतर सफाई, कचरा उठाव और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।
कोरबा/बांकीमोंगरा:नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 10 अंतर्गत बांकी कॉलोनी में लगातार बिगड़ती साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर वार्ड पार्षद प्रमोद सोना ने एसईसीएल प्रबंधन के समक्ष कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एसईसीएल सुराकछार-बांकी-बालगी उपक्षेत्र के उपक्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी में नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव, नालियों की सफाई एवं जलभराव की समस्या का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।
ज्ञापन में पार्षद ने उल्लेख किया है कि वार्ड क्रमांक 10 के बांकी कॉलोनी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से साफ-सफाई व्यवस्था नियमित रूप से नहीं होने के कारण वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों एवं सड़कों की समुचित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी और जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है।
नालियों में जमा गंदे पानी के कारण दुर्गंध, मच्छर एवं कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे वार्डवासियों के बीच विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बांकी कॉलोनी में लगभग 99 प्रतिशत एसईसीएल कर्मचारी एवं उनके परिवार निवासरत हैं, ऐसे में नियमित साफ-सफाई एवं कचरा उठाव की व्यवस्था नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
दो दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी?
पार्षद प्रमोद सोना ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 10, बांकी कॉलोनी में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए, नालियों की तत्काल सफाई एवं आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाए तथा सड़कों एवं नालियों में जमा कचरे का तत्काल उठाव कराया जाए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में एसईसीएल प्रबंधन को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान करने का स्पष्ट अल्टीमेटम दिया गया है। पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वार्डवासियों की समस्या एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्ग पर धरना-प्रदर्शन/आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन की होगी।
पार्षद ने प्रबंधन से जनहित एवं वार्डवासियों की सुविधा को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


