--:--

पार्षद प्रमोद सोना की शिकायत पर मैदान में उतरे SECL सब एरिया मैनेजर, वार्ड 10, 12, 13 व 14 का किया निरीक्षण।

0
IMG_20260910_130356.jpg

सफाई, कचरा उठाव, नाली सफाई और जलभराव की समस्या पर ठेकेदार-सुपरवाइजर को दो दिन में व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश।

कोरबा/बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10, 12, 13 एवं 14 में लंबे समय से सामने आ रही साफ-सफाई, कचरा उठाव, नाली सफाई और जलभराव की समस्याओं को लेकर अब SECL प्रबंधन हरकत में नजर आया। वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद प्रमोद सोना सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार समस्याओं को उठाए जाने के बाद SECL सुराकछार/बल्गी सब एरिया प्रबंधन ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सब एरिया मैनेजर ने संबंधित ठेकेदार एवं सुपरवाइजर को कड़े शब्दों में निर्देश देते हुए दो दिन के भीतर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, जगह-जगह जमा कचरा उठाने तथा नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की स्थिति का भी जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान मौजूद पार्षदों से सब एरिया मैनेजर ने समस्याओं के निराकरण के लिए दो दिन का समय मांगा। पार्षद बोले—दो दिन की जगह चार दिन का मौका दे रहे हैं
मीडिया से चर्चा करते हुए पार्षदों ने कहा कि सब एरिया मैनेजर ने हमसे दो दिन का समय मांगा है, लेकिन हम दो दिन की जगह चार दिन का समय दे रहे हैं। इस अवधि में यदि वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ, कचरा नहीं उठाया गया और नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई तो वार्डवासियों के साथ मिलकर आगे बड़ा कदम उठाया जाएगा।
पार्षदों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की समस्याएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मौके पर इसका स्थायी समाधान दिखाई देना चाहिए।

पहले ज्ञापन सौंपकर उठाई थी आवाज?
गौरतलब है कि इससे पहले वार्ड क्रमांक 10, बांकी कॉलोनी के पार्षद प्रमोद सोना ने SECL प्रबंधन को लिखित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव, नालियों की सफाई, आवश्यक मरम्मत एवं जलभराव की समस्या के निराकरण की मांग की थी।
ज्ञापन में पार्षद ने बताया था कि बांकी कॉलोनी में नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरा एवं गंदगी जमा है। नालियों की समुचित सफाई नहीं होने से गंदा पानी जमा होने के साथ दुर्गंध, मच्छर एवं कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। पार्षद ने प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।

कोरबा जीएम से मुलाकात के बाद SECL ने लिया संज्ञान?
विगत 9 सितंबर 2026 को पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य प्रमोद सोना तथा अश्वनी मिश्रा ने SECL कोरबा जीएम से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद SECL प्रबंधन द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सब एरिया मैनेजर, शिविर इंजीनियर, पार्षद प्रमोद सोना, अश्वनी मिश्रा, पार्षद पति हेम सिंह कंवर सहित स्थानीय वार्डवासी मौजूद रहे।

अब कार्रवाई पर रहेगी सबकी नजर?
फिलहाल SECL प्रबंधन द्वारा मौके पर निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार एवं सुपरवाइजर को दो दिन में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि सुराकछार/बल्गी सब एरिया प्रबंधन के निर्देशों के बाद वार्ड क्रमांक 10, 12, 13, 14 एवं अन्य एसईसीएल प्रभावित क्षेत्रों में धरातल पर कितना बदलाव आता है।
वहीं वार्डवासियों और पार्षदों की नजर भी अब SECL की कार्रवाई पर टिकी हुई है। क्या चार दिन के भीतर कचरा उठाव, नाली सफाई, जलभराव और नियमित साफ-सफाई की समस्या का समाधान हो पाएगा या फिर जनप्रतिनिधियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा—यह आने वाले दिनों में पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed