बांकीमोंगरा वार्ड 13 में सफाई व जर्जर सड़क की समस्या पर एसईसीएल प्रबंधन सख्त, सब एरिया मैनेजर ने किया पैदल निरीक्षण।

दो दिन में कटाईनार मुख्य मार्ग के जर्जर पुल के दोनों ओर लगेंगे बेरिकेट्स, संबंधित अधिकारियों को समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश।
बांकीमोंगरा/कोरबा: बांकीमोंगरा क्षेत्र के एसईसीएल प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई, कचरा उठाव, जलभराव एवं जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा की शिकायत पर एसईसीएल सुराकछार-बल्गी उप क्षेत्र के सब एरिया मैनेजर गुरुवार को मैदान में उतरे और विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर समस्याओं का जायजा लिया।
आपको बता कि वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार में बाकी से कटाईनार मुख्य मार्ग पर संजय पान ठेला के समीप स्थित जर्जर पुल लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। पुल के दोनों ओर बेरिकेट्स नहीं होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पार्षद अश्वनी मिश्रा द्वारा इस संबंध में पूर्व में कई बार एसईसीएल सुराकछार प्रबंधन को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया था। इसके अलावा स्थानीय समस्या को लेकर समाचारों के माध्यम से भी प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराया गया था।
इसके बावजूद लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बनी हुई थी। जर्जर पुल एवं बेरिकेट्स के अभाव में पूर्व में दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई थी।
इसी बीच 9 सितंबर बुधवार को भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, वार्ड 13 के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा तथा पार्षद प्रमोद सोना ने एसईसीएल कोरबा जीएम से मुलाकात कर बांकीमोंगरा के एसईसीएल प्रभावित क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से साफ-सफाई, कचरा उठाव, जलभराव और जर्जर सड़कों सहित अन्य मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग रखी।
इसके बाद गुरुवार को एसईसीएल प्रबंधन की ओर से सुराकछार-बल्गी उप क्षेत्र के सब एरिया मैनेजर संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने विभिन्न वार्डों के साथ वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया और मौके पर साफ-सफाई, कचरे की स्थिति, सड़क एवं जलभराव सहित अन्य समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को संबंधित समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं कटाईनार मुख्य मार्ग पर संजय पान ठेला के समीप जर्जर पुल के दोनों ओर बेरिकेट्स लगाने को लेकर संबंधित अधिकारी ने दो दिन के भीतर कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।
पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा ने एसईसीएल प्रबंधन द्वारा समस्याओं का संज्ञान लेकर मौके पर निरीक्षण किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का केवल निरीक्षण तक सीमित न रहकर जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। उन्होंने बेरिकेट्स सहित पुल से जुड़ी अन्य समस्याओं का दो दिन के बजाय एक सप्ताह के भीतर पूर्ण समाधान कराने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

