बांकीमोंगरा-सुतर्रा मार्ग बना राखड़ का डंपिंग जोन, धूल से राहगीर परेशान: सदबीर निर्मलकर।
शत्रुहन पटेल संवाददाता ढेलवाडीह
कोरबा/बांकीमोंगरा:- बांकीमोंगरा-सुतर्रा मार्ग पर शुक्लाखार के समीप सड़क किनारे लगातार राखड़ डंप किए जाने को लेकर युवा कांग्रेस कटघोरा ब्लॉक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सदबीर निर्मलकर ने स्थानीय सरकार और जिम्मेदार प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
सदबीर निर्मलकर ने कहा कि सड़क किनारे राखड़ डंप किए जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों के गुजरने से राखड़ और धूल उड़कर लोगों की आंखों में जा रही है, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जिम्मेदारों को जनता की तकलीफ दिखाई नहीं दे रही है?
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर आम लोगों के स्वास्थ्य और आवागमन के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि सड़क किनारे राखड़ डालना लगातार जारी रहा और जिम्मेदारों ने इस पर तत्काल रोक नहीं लगाई, तो युवा कांग्रेस जनता के साथ खड़ी होकर इस मुद्दे को सड़क से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय तक मजबूती से उठाएगी।
निर्मलकर ने मांग की कि सड़क किनारे डंप की गई राखड़ को तत्काल हटाया जाए और भविष्य में इस तरह राखड़ डंप करने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और जनहित के मुद्दे पर युवा कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है।
